हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया हाईवे निर्माण में जुटा मजदूर, करंट लगने से मौत
हाथरस, 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश हाथरस,मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे के निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में मजदूर की मौत हो गई। हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर के निकट निर्माण कार्य के दौरान राजस्थान के धौलपुर जनपद निवासी 35 वर्षीय हरिओम पुत्र गजाधर हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथी मजदूर उन्हें तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।
अस्पताल में चिकित्सकों ने हरिओम को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां भी डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि की। सूचना मिलने पर हाथरस जंक्शन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्राथमिक जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान हरिओम के हाथ में मौजूद पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया, जिससे उन्हें तेज करंट लगा और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि होगी। मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

