तेज रफ्तार इनोवा ने ऑटो को मारी टक्कर, एक की मौत, चार घायल
जौनपुर,18 मार्च (हि.स.)। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 11 बजे जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर कोरीडिहा बाजार के पास एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने सवारियों से भरे ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ऑटो जौनपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह कोरीडिहा बाजार के पास पहुंचा, सामने से तेज गति में आ रही इनोवा ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क किनारे खाईं में जा गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान बैजनाथ गुप्ता (58) निवासी मुबारकपुर, खुटहन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अन्य घायलों में गुलाब गुप्ता, नीतू, निलेश और इस्तेखार शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

