home page

महिलाओं ने निकाली जनाक्रोश रैली, भाजपा विधायक ने किया नेतृत्व

 | 
महिलाओं ने निकाली जनाक्रोश रैली, भाजपा विधायक ने किया नेतृत्व


बहराइच, 03 मई (हि.स.)। रविवार को पयागपुर में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने पर विपक्ष के खिलाफ महिलाओं ने विधायक सुभाष त्रिपाठी के नेतृत्व में जनाक्रोश रैली निकाल कर विपक्षी दलों के इस कृत्य का विरोध किया। रैली में ब्लॉक प्रमुख गीता देवी, वरिष्ठ समाजसेवी हरी ओम रस्तोगी, विधान सभा संयोजक निशंक त्रिपाठी और मंडल अध्यक्ष प्रमोद पांडेय भी शामिल हुए।

रैली के पूर्व ब्लॉक सभागार में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक सुभाष त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा आधी आबादी को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए कटिबद्ध है। सरकार द्वारा महिलाओं को बराबरी का दर्जा दिलाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है।जनधन खाता हो चाहे नि:शुल्क आवास हो, महिलाओं को परिवार के मुखिया के रूप में दर्ज किया जा रहा है। शिक्षा, चिकित्सा और अन्य विभागों में महिलाएं तेजी से आगे आकर कार्य कर रही हैं। बालिका शिक्षा और महिलाओं के स्वास्थ्य कार्यक्रमों में सरकार ज्यादा बजट दे रही है। महिलाएं आगे आएं, यह बात विपक्ष को हजम नहीं हो रही।

ग्राम पंचायतों की तरह से संसद और विधान सभाओं में भी सरकार एक तिहाई सीटें महिलाओं को देने लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम विधेयक लाई थी जिसे विपक्ष ने पारित नहीं होने दिया। विधान सभा संयोजक निशंक त्रिपाठी ने कहा कि महिलाएं अपने अपमान का हिसाब आने वाले चुनावों में विपक्ष से लेंगी।

कार्यक्रम के बाद विधायक त्रिपाठी के नेतृत्व में महिलाओं ने ब्लॉक परिसर से भूपगंज बाजार तक रैली निकाल कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

रैली में भाजपा महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारी ममता वर्मा, ममता निषाद, रीना तिवारी, सुनीता सिंह, शमा प्रवीन, सभासद ज्योति सरोज सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA