झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहावना, उमस से मिली राहत
देवरिया, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले में सोमवार सुबह से शुरू हुई झमाझम बारिश ने उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत पहुंचायी है। तापमान में गिरावट आने के साथ ही ठंडी हवाएं चलने लगीं,जिससे मौसम को खुशनुमा बना दिया।
बारिश से जहां एक ओर लोगों को राहत लेकर आई तो कुछ परेशनियों लोगों को परेशानियां भी उठानी पड़ी। भोर से शुरू हुए पानी की वजह से दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और बाजार आने-जाने वाले लोगों को कुछ दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा।
कई प्रमुख सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे वाहन चालकों को धीमी गति से सफर करना पड़ा। जगह-जगह पानी भरने से पैदल चलने वालों को भी परेशानी हुई।
इस बारिश का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिला। धान समेत खरीफ की अन्य फसलों के लिए यह वर्षा काफी फायदेमंद मानी जा रही है। किसानों का कहना है कि बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची है, जिससे फसलों की बढ़वार बेहतर होगी और सिंचाई पर होने वाला खर्च भी कम होगा।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक जिले में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

