home page

फर्रुखाबाद में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों का समय बदला

 | 
फर्रुखाबाद में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों का समय बदला


फर्रुखाबाद, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी आशुताेष कुमार द्विवेदी ने साेमवार काे स्कूलों का समय बदल दिया है। अब 7.30 से 12.30 तक विद्यालय खोले जाएंगे। वहीं ग्रीष्म ऋतु में ऊपर चढ़ रहे पारा को देखते हुए आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी आशुताेष कुमार द्विवेदी ने कहा कि ग्रीष्म ऋतु प्रारम्भ हो चुकी है। इस दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अग्निकांड की घटनाओं में वृद्धि हो जाती है, विशेषकर गेहूं की फसल में आग लगने की घटनाएं अधिक होती हैं। इन घटनाओं की रोकथाम के लिए अरूण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वि/रा/मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अग्नि सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा है। उन्हाेंने कहा कि जिले में फसल कटने के बाद अवशेष को खेतों में न जलाएं। तेज हवाओं के समय चूल्हे/भट्ठी पर भोजन न पकाएं। जलती हुई माचिस, बीड़ी या सिगरेट इधर-उधर न फेंकें। खाना बनाते समय ढीले-ढाले एवं पॉलिस्टर के कपड़े न पहनें। बच्चों की पहुंच से माचिस, स्टोव, पटाखे एवं एसिड दूर रखें। ज्वलनशील सामग्री को गैस सिलेंडर एवं चूल्हे से दूर रखें। बिजली के उपकरणों (पंखा, एसी, कूलर, फ्रिज, हीटर, इंडक्शन) की नियमित जांच करें तथा एमसीबी अवश्य लगवाएं। सार्वजनिक स्थानों, ट्रेनों एवं बसों में ज्वलनशील पदार्थ न ले जाएं। आग लगने की स्थिति में निकटतम निकास मार्ग/सीढ़ियों का उपयोग करें और सुनिश्चित करें कि कोई व्यक्ति पीछे न रह जाए। कपड़ों में आग लगने पर “स्टॉप, ड्रॉप एंड रोल” अपनाएं। किसी भी भवन से बाहर निकलने के कम से कम दो रास्तों की जानकारी रखें। आग के समय धुएं से बचने के लिए नीचे झुककर चलें तथा मुंह को गीले कपड़े से ढकें। ट्रांसफार्मर के आसपास 3 मीटर क्षेत्र तक फसल समय से पहले काट लें। जलती हुई इमारत में पुनः प्रवेश न करें। सीढ़ियों एवं गलियारों को अवरुद्ध न रखें। आग लगने की घटना पर तत्काल पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को सूचित करें। पेट्रोलियम पदार्थों से लगी आग बुझाने के लिए बालू या फायर एक्सटिंग्विशर का प्रयोग करें। आपातकालीन सेवाओं के टोल फ्री नंबर—102/108 (स्वास्थ्य), 112 (पुलिस), 101 (अग्निशमन), 1077 (आपदा) को सदैव याद रखें।

उन्हाेंने जनता से अपील की कि किसी भी समस्या में महत्वपूर्ण दूरभाष नंबर जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर 9454416457, 05692-235077 और फायर स्टेशन फतेहगढ़ 9454418424, 9454418423 पर सम्पर्क करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar