home page

बदलते मौसम में योग और प्राकृतिक चिकित्सा से स्वस्थ रहने की सीख

 | 
बदलते मौसम में योग और प्राकृतिक चिकित्सा से स्वस्थ रहने की सीख


औरैया, 08 मई (हि. स.)। राष्ट्रीय आयुष मिशन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योग वैलनेस सेंटर राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय औरैया की गतिविधियों के अंतर्गत 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर लगातार विद्यालयों, प्राथमिक विद्यालयों एवं विभिन्न संस्थाओं में संपर्क अभियान और सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एकदिवसीय योग शिविरों का आयोजन कर छात्र-छात्राओं तथा स्वास्थ्य प्रेमियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

शुक्रवार काे योग प्रशिक्षक एवं योग एवं प्राकृतिक चिकित्सक योगेंद्र कुमार मिश्र द्वारा शिविर में बिना जांच और दवाइयों के केवल शरीर की आकृति एवं जीभ देखकर स्वास्थ्य की स्थिति समझने और स्वस्थ रहने की उपयोगी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि नियमित योग, संयमित दिनचर्या और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से अनेक रोगों से बचाव संभव है।

पिछले आठ वर्षों से योग वैलनेस सेंटर के माध्यम से न केवल स्वास्थ्य प्रेमियों बल्कि विभिन्न रोगों से पीड़ित पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को भी स्वस्थ रहने के उपाय बताए जा रहे हैं। योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र द्वारा लोगों को हंसते-हंसते शरीर और मन को शांत एवं संतुलित रखने की कला सिखाई जा रही है।

बदलते मौसम और बढ़ते रोगों के प्रभाव को देखते हुए शिविर में अपच, कब्ज तथा पाचन संबंधी समस्याओं से परेशान लोगों को विशेष रूप से जीभ देखकर स्वास्थ्य की स्थिति पहचानने और खानपान एवं योग के जरिए स्वस्थ रहने के उपाय बताए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय लोगों ने सहभागिता कर योग और प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व को समझा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार