home page

औरैया में योग दिवस की तैयारियां तेज, 700 विद्यार्थियों ने लिया स्वास्थ्य का संकल्प

 | 
औरैया में योग दिवस की तैयारियां तेज, 700 विद्यार्थियों ने लिया स्वास्थ्य का संकल्प


औरैया, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के शहर औरैया के दिबियापुर रोड स्थित श्री नंदलाल गोपाल शुक्ला सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 54वें काउंटडाउन के तहत बुधवार को एक योग जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

प्रदेश सरकार के राष्ट्रीय आयुष मिशन के तत्वावधान में जिले में संचालित योग वैलनेस सेंटर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की ओर से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 700 छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

वरिष्ठ योग प्रशिक्षक एवं प्राकृतिक चिकित्सक योगेंद्र कुमार मिश्र ने आगामी 21 जून 2026 को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने योग, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से जीवन को स्वस्थ, संतुलित एवं ऊर्जावान बनाने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि जीवन में संयम और सहजता अपनाकर ही हम अपनी सांसों का सही उपयोग कर सकते हैं, क्योंकि सांसों का भी एक सीमित भंडार होता है।

यह आयोजन जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन में तथा जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. सुधांशु दीक्षित, आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार, चिकित्सालय प्रभारी डॉ. परवीन के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक गौरव पांडे की देखरेख में संपन्न हुआ।

जिले के योग वैलनेस सेंटर की ओर से बीते 8 वर्षों से शहरवासियों और विद्यार्थियों को बिना दवा एवं जांच के, केवल प्राकृतिक तरीकों से स्वस्थ रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

भीषण गर्मी के इस मौसम में शरीर और मन को शांत एवं संतुलित रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए योग प्रशिक्षक ने सूक्ष्म व्यायाम की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास कराया और उनके लाभों की जानकारी दी। साथ ही, सामूहिक रूप से हथेलियों के माध्यम से शरीर को सक्रिय और जागरूक बनाए रखने की तकनीक भी सिखाई गई।

इस एक दिवसीय शिविर में विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेंद्र द्विवेदी, आचार्य कमल सिंह, प्रशांत शुक्ला तथा महिला आचार्य प्रीति, नीलम, आराधना और अंकिता की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में योग सहायक सत्यम मिश्रा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार