श्रमिकों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान औद्योगिक विकास के महत्वपूर्ण आधार : महेंद्र सिंह तंवर
कानपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। श्रमिकों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान औद्योगिक विकास की मजबूत नींव हैं। श्रमिक और सेवायोजक दोनों औद्योगिक प्रगति के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। श्रमिकों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं। यह बातें बुधवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहीं।
मंधना स्थित मेसर्स स्पीपिक फूड्स एलएलपी (गोल्डी ग्रुप मसाला फैक्ट्री) में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर में 1254 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान बीओसीडब्ल्यू बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत 13 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिजनों को कुल 29.78 लाख रुपये के हितलाभ प्रदान किए गए। शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर और फीता काटकर किया।
शिविर में श्रमिकों की पैथोलॉजिकल जांच के साथ शुगर, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर और ईसीजी की जांच की गई। जरूरत के अनुसार चिकित्सकों ने दवाएं वितरित करने के साथ स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया। जिलाधिकारी ने विभिन्न स्वास्थ्य काउंटरों का निरीक्षण कर श्रमिकों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और स्वयं भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
बीओसीडब्ल्यू बोर्ड की निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना, कन्या विवाह सहायता योजना तथा मातृत्व, शिशु एवं बालिका सहायता योजना के तहत 13 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिजनों को हितलाभ प्रमाण पत्र दिए गए। इन योजनाओं के माध्यम से कुल 29.78 लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई।
सेवा संकल्प अभियान के तहत अटल आवासीय विद्यालय और विहान आवासीय विद्यालयों में आयोजित कला, वाद-विवाद, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान पाने वाले बच्चों को जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
अपर श्रमायुक्त उत्तर प्रदेश जुनैद अहमद ने श्रमिकों को श्रम कानूनों और कल्याणकारी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। अपर श्रमायुक्त कानपुर क्षेत्र शमीम अख्तर ने कहा कि श्रमिकों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए ऐसे शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने श्रमिकों के सम्मान, स्वास्थ्य और कल्याण को सुरक्षित एवं प्रगतिशील औद्योगिक समाज की नींव बताया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, ईएसआईसी की मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बबिता यादव, उप निदेशक कारखाना सचिन यादव समेत श्रम विभाग, ईएसआईसी और गोल्डी ग्रुप के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

