दिवाली के उल्लास के बीच रेलवे का सुरक्षा संदेश ‘शुभ दीपावली, सुरक्षा वाली’
- मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर दीपावली की छटा के साथ यात्रियों को दिया जा रहा सुरक्षित यात्रा का संदेश
मुरादाबाद, 07 नवम्बर (हि. स.)। दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर शनिवार को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन को आकर्षक एवं पारंपरिक दीपावली थीम से सजाया गया है।
स्टेशन परिसर में दीपों की सुंदर कलाकृतियों, आकर्षक रंगोली एवं दीपावली संदेश से सुसज्जित स्टैंडी के माध्यम से त्योहार का उल्लासपूर्ण वातावरण तैयार किया गया है।
उत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि मंडल द्वारा इस विशेष सजावट के माध्यम से यात्रियों को दीपावली की शुभकामनाएं देने के साथ-साथ सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। स्टेशन परिसर में लगाए गए आकर्षक संदेश ‘शुभ दीपावली, सुरक्षा वाली’ के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षा का महत्व समझाया जा रहा है।
रेलवे स्टेशन परिसर में स्टैंडी पर प्रदर्शित संदेशों के माध्यम से यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में पटाखे लेकर न आएं और न ही पटाखों का प्रयोग करें। ज्वलनशील एवं विस्फोटक सामग्री से दूर रहें तथा रेल परिसर में सुरक्षा नियमों का पालन करें। इस पहल का उद्देश्य त्योहार की खुशियों को सुरक्षित वातावरण के साथ जोड़ना तथा यात्रियों को यह संदेश देना है कि दीपावली का वास्तविक आनंद तभी है, जब स्वयं के साथ-साथ अन्य यात्रियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

