हाथरस के नगला काठ में विचित्र बुखार का प्रकोप,बच्चों समेत ग्रामीण बीमार
हाथरस, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सादाबाद क्षेत्र के नगला काठ गांव में पिछले कई दिनों से विचित्र बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। गांव में कई घरों में बच्चों समेत लोग बुखार से पीड़ित हैं। ग्रामीणों के अनुसार, मरीजों में तेज बुखार, शरीर में दर्द और कमजोरी की शिकायत है। कुछ मरीजों में प्लेटलेट्स कम होने की बात भी सामने आई हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक देव चौधरी, अनुष्का, रमेश चंद्र, सूर्य, ओमवती देवी, मानवी चौधरी, साकिर खान, केला देवी, मेघश्याम सिंह, कीर्ति और अदिति समेत कई लोग बुखार से पीड़ित हैं। कई परिवारों में एक से अधिक सदस्य विचित्र बुखार की चपेट में हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बीमारी फैलने के बावजूद अभी तक पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। कुछ लोग स्थानीय स्तर पर झोलाछाप चिकित्सकों से इलाज कराने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में तत्काल स्वास्थ्य शिविर लगाकर मरीजों की जांच कराने और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
सीएचसी सादाबाद के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दानवीर सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम नगला काठ गांव जाएगी। टीम मरीजों की खून की जांच करेगी और जांच के आधार पर जरूरत के अनुसार दवाएं वितरित की जाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

