home page

हाथरस के मोहन सिंह आर्य ने 68 की उम्र में जीते तीन पदक, 400 मीटर दौड़ में हासिल किया स्वर्ण

 | 
हाथरस के मोहन सिंह आर्य ने 68 की उम्र में जीते तीन पदक, 400 मीटर दौड़ में हासिल किया स्वर्ण


हाथरस, 02 नवंबर (हि.स.)। उम्र के 68वें पड़ाव पर भी खेल के मैदान में अपनी रफ्तार और जज्बे का लोहा मनवा रहे हाथरस जनपद के मोहन सिंह आर्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए हैं। लखनऊ में आयोजित 34वीं उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में उन्होंने 65 प्लस आयु वर्ग की तीन स्पर्धाओं में पदक जीतकर आगरा मंडल का गौरव बढ़ाया।

लखनऊ विश्वविद्यालय के खेल मैदान में 31 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में सादाबाद क्षेत्र के गांव मंस्या खुर्द निवासी अंतरराष्ट्रीय एथलीट मोहन सिंह आर्य ने 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं 10 हजार मीटर दौड़ में रजत और 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर अपनी उत्कृष्ट फिटनेस और खेल कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया था।

भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल), आगरा में मुख्य लेखाधिकारी के पद से सेवानिवृत्त मोहन सिंह आर्य का खेलों के प्रति जुनून आज भी बरकरार है। वह देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में नियमित रूप से हिस्सा लेते हैं। इसके अलावा कई देशों में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक भी जीत चुके हैं।

सोमवार को जनपद पहुंचने पर मोहन सिंह आर्य ने कहा कि खेलों के लिए उम्र कोई बाधा नहीं है। बेहतर स्वास्थ्य और लंबी उम्र के लिए प्रत्येक व्यक्ति को नियमित रूप से खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों से जुड़े रहना चाहिए। 68 वर्ष की उम्र में उनकी यह उपलब्धि युवाओं के साथ ही बुजुर्गों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी हुई है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना