जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर के विकास कार्यों का लिया जायजा, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश
हाथरस, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने और निवेश की संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से विकसित किए जा रहे औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर के विकास कार्यों का जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की प्रगति परखी और संबंधित अधिकारियों से कार्यों की स्थिति, भूमि संबंधी प्रक्रियाओं तथा प्रस्तावित आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्र से संबंधित सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे कराए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए नियमित समीक्षा के साथ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर कार्यों की निगरानी भी करनी होगी।
डीएम ने औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, जल निकासी और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने और परियोजना के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर का सुनियोजित विकास होने से हाथरस में निवेश के नए रास्ते खुलेंगे। इससे नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय स्तर पर औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा। औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परियोजना को केवल निर्माण कार्यों तक सीमित न रखते हुए इसे एक सुव्यवस्थित औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाए, ताकि यहां निवेश करने वाले उद्यमियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए परियोजना को समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

