home page

हरित भंडारा के संकल्प को पूरा करने में जुटी मंगलमान की टीम

 | 
हरित भंडारा के संकल्प को पूरा करने में जुटी मंगलमान की टीम


लखनऊ, 16 मई (हि.स.)। मंगलमान अभियान की टीम 'स्वच्छ और हरित भंडारा' के संकल्प को साकार करने में जुटी है। इसके लिए मंगलमान की टीम उप्र के लखनऊ शहर के विद्यालयों में निरंतर सम्पर्क कर जागरूकता के कार्यक्रम कर रही है। इसी क्रम में बप्पा श्री नारायण वोकेशनल इंटर कॉलेज में शनिवार को एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य जन-जन में पर्यावरणीय चेतना जाग्रत करना और बरसात के दौरान हरित क्षेत्र को बढ़ाना है। कार्यशाला की मुख्य अतिथि प्रोफेसर श्वेता तिवारी (ए.पी. सेन कॉलेज) उपस्थित रहीं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत बाजपेयी ने बच्चों को 'एक पेड़ गोद लेने' के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के दौरान डॉ. रिंकी वर्मा ने बच्चों को सीड बॉल बनाने की अत्यंत सरल और प्रभावी विधि सिखाई। उन्होंने सभी छात्रों को पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु 10-10 सीड बॉल बनाकर लाने का लक्ष्य दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक कृष्ण मोहन मिश्रा ने की। इन्हाेंने छात्रों को पेड़ों के महत्व और पर्यावरण को हो रहे नुकसान के प्रति सचेत किया। विशेषज्ञों का मानना है कि ये सीड बॉल बरसात के मौसम में वनीकरण के लक्ष्य को प्राप्त करने में मील का पत्थर साबित होंगी।

अभियान के उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए डॉ. अंकिता ने 'मंगलमान ऑनलाइन प्रतियोगिता' और बड़े मंगल के भंडारों को स्वच्छ व हरित बनाने के तरीकों पर चर्चा की। प्रशांत दीक्षित ने भंडारों में प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील करते हुए बच्चों को जागरूक किया। इस अवसर पर हेरम्ब अवस्थी, सीमा अवस्थी, सौरभ पांडेय, डॉ. विनोद, अर्चना, डॉ. आशा त्रिपाठी और नवल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन