home page

उत्कृष्ट जन औषधि केंद्र के लिए मुरादाबाद के हरीश भसीन लखनऊ में सम्मानित

 | 
उत्कृष्ट जन औषधि केंद्र के लिए मुरादाबाद के हरीश भसीन लखनऊ में सम्मानित


मुरादाबाद, 07 मार्च (हि.स.)।

प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आठवां जन औषधि सप्ताह 1 मार्च से 7 मार्च तक आयोजित हुआ। अंतिम दिन शनिवार को जन औषधि दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के पांच उत्कृष्ट जन औषधि केंद्र संचालकों को सम्मानित किया गया, जिसमें मुरादाबाद के हरीश भसीन, लखनऊ के विनय शुक्ला, देवरिया से प्रसन्ना श्रीवास्तव, गोरखपुर से तारा सिन्हा और मऊ से प्रदीप झा को सम्मानित किया गया।

हरीश भसीन ने बताया कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के अंतर्गत फार्मास्यूटिकल्स एंड मेडिकल डिवाइसेज ब्यूरो आफ इंडिया द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद संजय सेठ उपस्थित रहे। इस अवसर पर उनके साथ प्रतापगढ़ के पूर्व विधायक बृजेश मिश्रा ‘सौरभ’, जन औषधि मित्र आरती मिश्रा, वरिष्ठ चिकित्सक डा. आरके चौधरी तथा डा. नफीस खान भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद संजय सेठ ने कहा कि जन औषधि केंद्र आम आदमी के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। इन केंद्रों के माध्यम से लोगों को गुणवत्तापूर्ण दवाएँ बाजार की तुलना में काफी कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है। वरिष्ठ चिकित्सक डा. आरके चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा है कि स्वास्थ्य सेवाएँ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचें। इसी उद्देश्य से जन औषधि केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ लोगों को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इस अवसर पर संजय सेठ ने उत्तर प्रदेश में जन औषधि की सर्वाधिक बिक्री करने वाले पाँच उत्कृष्ट जन औषधि केंद्र संचालकों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए जन औषधि केंद्रों के वितरक और संचालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल