home page

मेहनत, लगन और अनुशासन से ही बनेगा विद्यार्थियों का भविष्य : अशोक कुमार

 | 
मेहनत, लगन और अनुशासन से ही बनेगा विद्यार्थियों का भविष्य : अशोक कुमार


कानपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। कठिन परिश्रम, लगन, सकारात्मक सोच और अनुशासन को सफलता की कुंजी बताते हुए सीएसजेएमयू, डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय और चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. अशोक कुमार ने विद्यार्थियों को निरंतर ज्ञान और कौशल बढ़ाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि चुनौतियों का दृढ़ता से सामना करने और समर्पण के साथ मेहनत करने से विद्यार्थी अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। यह बातें रविवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम के नौवें दिन उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहीं।

कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता के निर्देशन और कृषि एवं वानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. कौशल कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में प्रो. अशोक कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कुलपति ने उन्हें पुष्पगुच्छ और शाल भेंटकर सम्मानित किया। अधिष्ठाता डॉ. कौशल कुमार ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन और समर्पण के साथ पढ़ाई करने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपनी क्षमताओं को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन बीएससी कृषि प्रथम सेमेस्टर की छात्रा राशिका खैरवाल ने किया। प्रकृति साख्या ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. महक सिंह, डॉ. विजय कुमार यादव, डॉ. यूएन शुक्ला, डॉ. अखिलेश मिश्रा, डॉ. रामजी गुप्ता, डॉ. सर्वेश कुमार, डॉ. संजीव शर्मा, डॉ. संजीव सचान, डॉ. नाहिदा अफरीन, डॉ. विनीत धीर, डॉ. सूर्यांशी बाजपेयी, डॉ. अनन्या, डॉ. अभिषेक रथ, डॉ. अदनान खान, डॉ. राहुल शर्मा और डॉ. हरिशंकर कोइरी सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

दीक्षारंभ कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिदिन सुबह योगाभ्यास और शाम को खेलकूद गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। योग एवं खेलकूद शिक्षक अदनान खान और डॉ. हरिशंकर कोइरी की देखरेख में हो रही इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ अनुशासन, टीम भावना और सहयोग की भावना विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप