home page

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार हर्रावाला रेलवे स्टेशन का लोकार्पण  17 जुलाई को

 | 
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार हर्रावाला रेलवे स्टेशन का लोकार्पण  17 जुलाई को


अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार हर्रावाला रेलवे स्टेशन का लोकार्पण  17 जुलाई को


मुरादाबाद रेल मंडल का हर्रावाला स्टेशन का नया स्वरूप आधुनिक रेल अवसंरचना को प्रतिबिंबित कर रहा है

मुरादाबाद, 14 जुलाई (हि.स.)। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल स्थित हर्रावाला रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। स्टेशन पर सभी निर्धारित विकास कार्य पूरे हो चुके हैं। हर्रावाला रेलवे स्टेशन का भव्य लोकार्पण कार्यक्रम 17 जुलाई को होगा। जिसके लिए सभी तैयारियों को अंतिम रुप दिया जा रहा है।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक महेश यादव ने मंगलवार शाम को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि भारतीय रेल द्वारा देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, यात्री-अनुकूल एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मुरादाबाद रेल मंडल के हर्रावाला रेलवे स्टेशन को आधुनिक स्वरूप प्रदान करते हुए यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। स्टेशन के सर्कुलेटिंग क्षेत्र का विकास एवं सौंदर्यीकरण किया गया है तथा आकर्षक प्रवेश द्वार (एंट्रेंस पोर्च) का निर्माण किया गया है। स्टेशन भवन के अग्रभाग को आधुनिक स्वरूप प्रदान किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित प्रतीक्षालय, पुरुष एवं महिला यात्रियों के लिए आधुनिक शौचालय तथा दिव्यांगजन-अनुकूल शौचालय की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त सुव्यवस्थित पार्किंग क्षेत्र का विकास, रैंप,प्लेटफार्मों का पुनः सतहीकरण तथा विशाल प्लेटफार्म शेल्टर का निर्माण भी किया गया है।

स्टेशन पर किए गए इन विकास कार्यों से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ, सुविधाजनक एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा। स्टेशन का नया स्वरूप आधुनिक रेल अवसंरचना के साथ-साथ स्थानीय परिवेश एवं क्षेत्रीय पहचान को भी प्रतिबिंबित करता है। बेहतर यात्री सुविधाओं, सुगम आवागमन तथा आकर्षक स्टेशन परिसर से यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध होंगी। मुरादाबाद मंडल द्वारा स्टेशन पर सभी निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण कर लिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल