home page

गंगा सप्तमी पर गूंजा ‘हर हर गंगे’, श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

 | 
गंगा सप्तमी पर गूंजा ‘हर हर गंगे’, श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी


मीरजापुर, 4 मई (हि.स.)। गंगा सप्तमी के पावन पर्व पर रविवार को चुनार के बालू घाट पर आध्यात्म और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह होते ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब गंगा तट की ओर उमड़ पड़ा। 'हर हर गंगे' के जयघोष से घाट गूंज उठा और भक्तों ने पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया।

गंगा सेवा समिति चुनार की ओर से विधिवत मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया गया। आरती की अलौकिक छटा और वातावरण में गूंजते शंखनाद ने सभी को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम में पं. शशिकांत मिश्रा, पं. शिवाकांत पाठक, पं. ज्ञान प्रकाश मिश्रा बेटू, गोपी नाथ पांडेय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय भक्तों ने भाग लिया।

भक्तों ने दीप जलाकर मां गंगा से विश्व कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। मान्यता है कि इसी दिन स्वर्ग से धरती पर अवतरित हुई थीं मां गंगा, और तभी से यह दिन विशेष पुण्यफलदायी माना जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा