home page

'हर घर तिरंगा' केवल एक अभियान नहीं, राष्ट्रभक्ति का जनोत्सव : आकांक्षा सोनकर

 | 
'हर घर तिरंगा' केवल एक अभियान नहीं, राष्ट्रभक्ति का जनोत्सव : आकांक्षा सोनकर


'हर घर तिरंगा' केवल एक अभियान नहीं, राष्ट्रभक्ति का जनोत्सव : आकांक्षा सोनकर


जौनपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले 'हर घर तिरंगा' अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा, तिरंगा वितरण, तिरंगा यात्राओं तथा जनजागरण कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री आकांक्षा सोनकर, विशिष्ट अतिथि पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय तथा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि आकांक्षा सोनकर ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का जनोत्सव है। तिरंगा देश की राष्ट्रीय अस्मिता, एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर घर तक तिरंगा पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को तिरंगा यात्रा से जोड़ने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि सुशील उपाध्याय ने कहा कि यह अभियान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों और समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़कर राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि जिले का प्रत्येक कार्यकर्ता अभियान की सफलता के लिए पूरी निष्ठा से जुटा है। बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर तिरंगा यात्राएं, प्रभात फेरियां तथा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर यह अभियान राष्ट्रीय चेतना का पर्व बन चुका है और लक्ष्य है कि जनपद का कोई भी घर तिरंगे से वंचित न रहे।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संदीप तिवारी ने किया। कार्यशाला में पार्टी के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव