home page

देवरिया : राष्ट्रव्यापी आंदोलन बन चुका है हर घर तिरंगा अभियान : पवन मिश्र

 | 
देवरिया : राष्ट्रव्यापी आंदोलन बन चुका है हर घर तिरंगा अभियान : पवन मिश्र


देवरिया, 11 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की ओर से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को देवरिया विधानसभा क्षेत्र के मेहड़ा-पुरवा के राजभर और चौहान टोला में किसान परिवारों के बीच तिरंगा वितरण किया गया। इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।

अभियान के दौरान किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब राष्ट्रव्यापी आंदोलन का रूप ले चुका है। इस अभियान के माध्यम से देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत होने के साथ ही राष्ट्र निर्माण और देश की एकजुटता का संदेश भी पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करे और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घर पर तिरंगा जरूर लगाए।

पवन कुमार मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2022 में शुरू किए गए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने देशभर में व्यापक जनभागीदारी का रूप ले लिया है। अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जागृत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा लोगों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराता है।

भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने अभियान के तहत 100 से अधिक किसान परिवारों के घर पहुंचकर तिरंगा वितरित किया। साथ ही ग्रामीणों को तिरंगे के सम्मान और उसके उचित उपयोग के बारे में जानकारी देते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घरों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर नगर अध्यक्ष अरुण मिश्र, बैतालपुर अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह सोनू, विजेंद्र सिंह चौहान, मनोज राजभर, मनीष शर्मा, सुमित और राजन सहित किसान मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। अभियान के दौरान ग्रामीणों में भी तिरंगा फहराने को लेकर उत्साह देखने को मिला।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक