home page

हापुड़: दीपक जाटव हत्याकांड में पीड़ित परिवार से मिले सपा सांसद, दो लाख रुपये की मदद

 | 
हापुड़: दीपक जाटव हत्याकांड में पीड़ित परिवार से मिले सपा सांसद, दो लाख रुपये की मदद


हापुड़, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद में दीपक जाटव हत्याकांड के बाद मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद रामजीलाल सुमन ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

सपा की ओर से पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी गई। इस दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए रामजीलाल सुमन ने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाओं को लेकर लोगों में आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों के प्रति नरम रवैया अपना रही है, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

सपा सांसद ने कहा कि समाज का हर वर्ग मौजूदा सरकार के खिलाफ है। उन्होंने सरकार से दीपक जाटव हत्याकांड के आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

रामजीलाल सुमन ने कहा कि किसी भी परिवार के सदस्य की हत्या के बाद केवल आर्थिक सहायता पर्याप्त नहीं है, बल्कि पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा का भरोसा भी मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग करेगी। सपा सांसद की मुलाकात के दौरान पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा