home page

मोदी के ऐतिहासिक कीर्तिमान पर बड़े हनुमान मंदिर में हुआ हनुमान चालीसा पाठ : प्रकाश पाल

 | 
मोदी के ऐतिहासिक कीर्तिमान पर बड़े हनुमान मंदिर में हुआ हनुमान चालीसा पाठ : प्रकाश पाल


कानपुर, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक निरंतर निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक कीर्तिमान पर बुधवार को जूही डिपो स्थित बड़े हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ और पूजन-अर्चन का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की सुख-समृद्धि तथा विकसित भारत के संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की। यह बातें बुधवार को भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहीं।

भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में बजरंगबली के समक्ष देश के उज्ज्वल भविष्य, जनकल्याण और निरंतर विकास की कामना की गई। हनुमान चालीसा पाठ के माध्यम से सुशासन, राष्ट्र निर्माण और देश की प्रगति के लिए मंगलकामनाएं भी व्यक्त की गईं।

भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा ने करोड़ों देशवासियों का विश्वास मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि लोकतंत्र के प्रति जनता के अटूट भरोसे का प्रतीक है और विकसित भारत के लक्ष्य को नई ऊर्जा देने वाली है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है तथा विकास, आत्मनिर्भरता और सुशासन के नए मानक स्थापित किए हैं। यह उपलब्धि देश के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष विनीत दुबे, पार्षद अवधेश त्रिपाठी, शुभम त्रिवेदी, जिला मंत्री पंकज द्विवेदी, मंडल महामंत्री अभिषेक अवस्थी, सुखवंत सिंह, आशुतोष शर्मा, किरण पांडे, मंडल मंत्री नितिन गुप्ता, सुरेंद्र तिवारी, धर्मेंद्र शुक्ला, करण सविता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप