home page

प्रतिभा किसी सीमा की मोहताज नहीं : न्यायमूर्ति अनिल कुमार

 | 
प्रतिभा किसी सीमा की मोहताज नहीं : न्यायमूर्ति अनिल कुमार


--प्रयागराज में 11 दिव्यांग बेटियों के सामूहिक विवाह से पूर्व हल्दी एवं संगीत संध्या का शुभारम्भ

प्रयागराज, 27 फरवरी (हि.स)। बैंक रोड स्थित राजर्षि टंडन सेवा केंद्र में शुक्रवार को 11 दिव्यांगजन बेटियों के सामूहिक विवाह समारोह से पूर्व हल्दी रस्म एवं संगीत संध्या का शुभारम्भ मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति अनिल कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि ने कहा कि यह आयोजन केवल सहायता प्रदान करने का प्रयास नहीं, बल्कि दिव्यांग बेटियों को सक्षमता प्रदान करने का सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा यह पहल दया या सहानुभूति की नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और सम्मान की है। यहां केवल विवाह ही नहीं, बल्कि रोजगार के माध्यम से जीवन को स्थायित्व देने का कार्य भी किया जा रहा है। यही सच्चा सामाजिक उत्थान है। उन्होंने कहा कि शारीरिक अक्षमताओं के बावजूद आशा स्कूल एवं भविनी वेलफेयर के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम अत्यंत सराहनीय है, जो यह सिद्ध करते हैं कि प्रतिभा किसी सीमा की मोहताज नहीं होती।

उन्होंने समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति से अपील की कि वे दूसरों को सक्षम बनाने में सहयोग करें। किसी व्यक्ति को समर्थ बनाना ही सच्चा मानव धर्म है। ऐसे सामाजिक एवं राष्ट्रीय स्तर के कार्यों के लिए उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजकों को साधुवाद दिया।

इस अवसर पर रश्मी सिंह, कांती दीक्षित, यमुनोत्री गुप्ता, कांता चोपड़ा, डॉ सविता राठी, डॉ सुधा पाण्डेय, मधू यादव, प्रीती रानी, प्रेमलता शुक्ला आदि दिव्यांग वधुओं को हल्दी का उबटन लगाकर विधिवत हल्दी-मेंहदी के रस्म की शुरुआत की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लोकसेवक मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चोपड़ा ने दिव्यांग बेटियों के सम्मानपूर्ण विवाह को सामाजिक उत्तरदायित्व की अनुकरणीय पहल बताया।

कर्मचारी नेता रविशंकर मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त आयोजन लोकसेवक मंडल, शेरवानी चैरिटेबल ट्रस्ट, अखिल भारतीय महिला परिषद (शहर शाखा) तथा अनाम स्नेह परिवार के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ। आरम्भ मे स्वागत एवं रूपरेखा वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीमती सुभाष राठी ने प्रस्तुत किया। मंच संचालन लोकसेवक मंडल के सचिव एवं शिक्षाविद ब्रह्माप्रकाश त्रिपाठी ने तथा अंत में कर्मचारी नेता रविशंकर मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता आर के राजू नई दिल्ली, विष्णु कांत मिश्र, रीता यजमानी, अनुराधा, मनोज कुमार पाण्डेय, अनिल कुमार नीलू, अंजू जायसवाल, अंजली वर्मा, आभा मिश्रा, कमला देवी, निशा गुप्ता, पी एल यादव, जावेद सिद्दकी, लक्ष्मी केशरवानी, डॉ रचना अग्रवाल, सुकती माथुर, सरोज जायसवाल, फूलचंद यादव,घनश्याम मास्टर,दीपचंद, अनंत कुमार चौधरी, अर्पित, चंदन, गुड्डू पंडित, सुलोचना, लवलेश सिंह, सुरजीत, राहुल बनर्जी, कुशल, सुनील चंद्र सहित हजारों शहर के लोग शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र