home page

आईआईटी कानपुर में 'हैक आईआईटीके 2026 का ग्रैंड फिनाले 9-10 अप्रैल को, साइबर समाधान पर विशेषज्ञ देंगे व्याख्यान

 | 
आईआईटी कानपुर में 'हैक आईआईटीके 2026 का ग्रैंड फिनाले 9-10 अप्रैल को, साइबर समाधान पर विशेषज्ञ देंगे व्याख्यान


कानपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में नवाचार और युवा प्रतिभाओं को मंच देने के लिए हैक आईआईटीके 2026 का ग्रैंड फिनाले नौ से 10 अप्रैल तक आईआईटी कानपुर में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन देश-विदेश के प्रतिभागियों, विशेषज्ञों और उद्योग जगत को एक मंच पर लाएगा। इसमें प्रतिभागी वास्तविक साइबर चुनौतियों पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे और समाधान प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में तकनीकी विशेषज्ञों के साथ संवाद और करियर अवसरों पर भी चर्चा होगी। यह जानकरी मंगलवार को आईआईटी कानपुर मीडिया प्रभारी सालोनी नागरकुट्टी ने दी।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर का टेक्नोलॉजी इनोवेशन हब सीथ्रीआईहब इस हैकाथॉन का आयोजन कर रहा है, जो अब साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में एक वैश्विक मंच के रूप में स्थापित हो चुका है। इस वर्ष का मुख्य विषय ‘महत्वपूर्ण अवसंरचना सुरक्षा’ है, जिसमें नेटवर्क सुरक्षा, कूटलेखन, हार्डवेयर सुरक्षा, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता सुरक्षा और डिजिटल फॉरेंसिक जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

ग्रैंड फिनाले तक पहुंचने की प्रक्रिया करीब दो महीने पहले शुरू हुई थी, जिसमें 9000 से अधिक प्रतिभागियों ने 1300 से ज्यादा टीमों के रूप में भाग लिया। कई कठिन चरणों के बाद कुल 48 टीमों का चयन किया गया है, जिनमें 24 टीमें सीटीएफ ट्रैक और 24 टीमें समाधान ट्रैक में प्रतिस्पर्धा करेंगी। सीटीएफ ट्रैक में प्रतिभागी साइबर चुनौतियों को हल करेंगे, जबकि समाधान ट्रैक में टीमें उद्योग से जुड़ी समस्याओं के समाधान प्रस्तुत करेंगी।

इस आयोजन में सरकार, शिक्षा और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के अधिकारी, साथ ही विभिन्न साइबर सुरक्षा कंपनियों के विशेषज्ञ पैनल चर्चा और इंटरैक्टिव सत्रों में भाग लेंगे। कार्यक्रम में सुरक्षित डिजाइन आधारित नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका, उभरते साइबर खतरों और करियर अवसरों पर विशेष चर्चा की जाएगी।

प्रतिभागी 30 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। इसके साथ ही उन्हें प्रमाणन वाउचर, मेंटरशिप और इंटर्नशिप के अवसर भी प्रदान किए जाएंगे, जो उनके करियर को नई दिशा देंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप