home page

शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस भी अत्यंत आवश्यक : कुलपति

 | 
शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस भी अत्यंत आवश्यक : कुलपति


कानपुर, 19 मार्च (हि.स.)। आधुनिक खेल सुविधाएं विद्यार्थियों के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाती हैं और उन्हें स्वस्थ, अनुशासित व प्रतिस्पर्धात्मक बनने के लिए प्रेरित करती हैं। यह बातें गुरुवार को छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग द्वारा गुरुवार को नव-निर्मित जिमनेजियम का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने फीता काटकर जिमनेजियम का उद्घाटन किया।

अपने संबोधन में कुलपति ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस भी अत्यंत आवश्यक है। आधुनिक खेल सुविधाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण मिलेगा, जिससे वे न केवल शारीरिक रूप से सशक्त होंगे बल्कि अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करेंगे।

कार्यक्रम में वित्त अधिकारी अशोक कुमार त्रिपाठी, कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा, वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्या डॉ. वंदना पाठक तथा डीएसडब्ल्यू प्रो. अंशु यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और खेल प्रतिभा को निखारने में सहायक सिद्ध होगी।

कार्यक्रम की शुरुआत विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव ने अतिथियों के स्वागत के साथ की। उन्होंने विभाग की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि यह जिमनेजियम विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और शोधार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी रहेगा।

इस अवसर पर स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डॉ. निमिषा सिंह कुशवाहा, विभाग के शिक्षकगण, प्रशिक्षक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

यह पहल विश्वविद्यालय में फिटनेस, स्वास्थ्य और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप