खेत में काम कर रही महिला को गुलदार ने हमला कर किया घायल
बिजनौर, २४ मार्च (हि.स.)। जनपद बिजनौर के थाना अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव हिदायतपुर चौहड़वाला में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में काम कर रही एक महिला पर अचानक गुलदार ने हमला कर दिया। घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार गांव हिदायतपुर चौहड़वाला निवासी करीब 50 वर्षीय राजो देवी पत्नी होरी सिंह मंगलवार सुबह अपने खेत पर गन्ना छीलने गई थीं। उसी दौरान खेत में करीब दो दर्जन मजदूर भी गन्ना छीलने का काम कर रहे थे। तभी अचानक झाड़ियों से निकले गुलदार ने राजो देवी पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों ने शोर मचाया तो गुलदार महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला।
इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने घायल अवस्था में राजो देवी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अफजलगढ़ में भर्ती कराया। सीएचसी में तैनात डॉक्टर खालिद अख्तर ने बताया कि महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया है और वह फिलहाल खतरे से बाहर हैं। एहतियात के तौर पर उन्हें एंटी-रेबीज सीरम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर रेफर किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। वन दरोगा सत्यवीर यादव ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए टीम लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से खेतों के आसपास गुलदार लगातार दिखाई दे रहा है, जिससे किसानों और मजदूरों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण रमेश कुमार सिंह, कृष्ण पाल सिंह, ऋषिपाल सिंह, महेंद्र सिंह, करन सिंह और सुनील कुमार समेत अन्य लोगों ने वन विभाग से गांव के आसपास पिंजरा लगाकर गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की है। वन विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और जल्द ही गुलदार को पकड़कर ग्रामीणों को राहत दिलाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

