home page

दिव्यांग बच्चे समाज की विशेष प्रतिभा : डॉ मालती तिवारी

 | 
दिव्यांग बच्चे समाज की विशेष प्रतिभा : डॉ मालती तिवारी


--दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है: विकास पाण्डेय

--नगर क्षेत्र के सभी दिव्यांग बच्चों, अभिभावकों के परामर्श एवं दिव्यांग बच्चों के मार्गदर्शन का कार्यक्रम

प्रयागराज, 13 मई (हि.स)। रिसोर्स सेंटर कम्पोजिट आदर्श, सीपीआई स्कूल नगर क्षेत्र प्रयागराज में नगर क्षेत्र के समस्त दिव्यांग बच्चों एवं उनके अभिभावकों के परामर्श एवं दिव्यांग बच्चों के मार्गदर्शन संबंधी विशेष कार्यक्रम का आयोजन बुधवार काे किया गया। कार्यक्रम में बच्चों एवं अभिभावकों को दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, स्वावलम्बन, व्यवहारिक विकास एवं उनके अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध शिक्षाविद् एवं पूर्व हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ मालती तिवारी ने बच्चों एवं अभिभावकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चे समाज की विशेष प्रतिभा हैं तथा उचित मार्गदर्शन एवं सकारात्मक वातावरण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के मनोबल को बढ़ाने एवं नियमित रूप से शैक्षिक गतिविधियों में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार के निर्देशन में जिला समन्वयक समेकित शिक्षा विकास पांडे ने संचालन करते हुए कहा कि समेकित शिक्षा का उद्देश्य प्रत्येक दिव्यांग बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, जिससे वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि विभाग दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र प्रतिभा सिंह ने अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति, स्वच्छता एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया तथा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी।

इस दौरान उपस्थित समस्त दिव्यांग बच्चों को मुख्य अतिथि ने टिफिन एवं पानी की बोतल तथा सभी बच्चों एवं अभिभावकों को दिया। इस अवसर पर दिवाकर पांडे कनिष्ठ लिपिक चाका, मुकेश सैनी सोल आर्क कोऑर्डिनेटर, नगर क्षेत्र के स्पेशल एजुकेटर बगची एवं समस्त बीआरसी स्टाफ उपस्थित रहे। उपस्थित अभिभावकों ने इस प्रकार के कार्यक्रमों को बच्चों के भविष्य के लिए उपयोगी बताते हुए विभाग के प्रयासों की प्रशंसा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र