home page

सहकारिता के उद्देश्यों को जमीन पर उतारने का काम कर रही है केआईडीसीईएल : सतीश महाना

 | 
सहकारिता के उद्देश्यों को जमीन पर उतारने का काम कर रही है केआईडीसीईएल : सतीश महाना


कानपुर, 16 जून (हि.स.)। सहकारिता की भावना को मजबूत करते हुए उद्यमियों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की जरूरत है। दादा नगर स्थित कानपुर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कोऑपरेटिव इस्टेट लिमिटेड द्वारा गेस्ट हाउस के नवनिर्मित प्रथम तल का निर्माण इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह बातें मंगलवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने मंगलवार को गेस्ट हाउस के प्रथम तल के लोकार्पण समारोह में कहीं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सभापति लोक लेखा समिति अजय कपूर ने कहा कि चेयरमैन विजय कपूर के नेतृत्व में औद्योगिक क्षेत्र में कई दूरदर्शी और अनुकरणीय कार्य किए गए हैं। युवा उद्यमियों के लिए “यूथ विंग” तथा महिला उद्यमियों के लिए “वूमेन इंटरप्रेन्योर विंग” का गठन भविष्य के औद्योगिक नेतृत्व को तैयार करने की दिशा में सराहनीय पहल है।

चेयरमैन विजय कपूर ने बताया कि वर्ष 2001 में इसी गेस्ट हाउस का उद्घाटन तत्कालीन नगर विकास राज्यमंत्री सतीश महाना ने किया था और 25 वर्ष बाद इसके प्रथम तल का लोकार्पण भी उनके हाथों होना संस्था के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि उद्योग और व्यापार के सिलसिले में बाहर से आने वाले उद्यमियों की संख्या बढ़ रही है, जिसे देखते हुए गेस्ट हाउस का विस्तार कराया गया है ताकि उन्हें आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

सतीश महाना ने कहा कि कानपुर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कोऑपरेटिव इस्टेट लिमिटेड सहकारिता के उद्देश्यों को जमीन पर उतारने का काम कर रही है। उन्होंने संस्था के पदाधिकारियों और उद्यमियों को उद्योग एवं व्यापार के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों पर बधाई दी।

समारोह के दौरान विजय कपूर और उद्यमियों ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद सतीश महाना ने फीता काटकर नवनिर्मित प्रथम तल को उद्यमियों एवं व्यापारियों की सेवा के लिए समर्पित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उद्यमी, महिला उद्यमी और युवा उद्यमी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप