रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को लेकर जीआरपी ने ग्रामीणों को किया जागरूक
बाराबंकी, 06 नवंबर (हि.स.)। रेलवे ट्रैक की सुरक्षा और ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जीआरपी की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। शुक्रवार को जीआरपी बुढ़वल चौकी प्रभारी दुर्गेश कुमार ने पुलिस बल के साथ रेलवे ट्रैक के सीमावर्ती गांव बुढ़वल और महादेवा क्रॉसिंग पर ग्रामीणों के साथ गोष्ठी की।
इस दौरान ग्रामीणों और क्षेत्र के संभ्रांत लोगों को ट्रेनों पर पत्थरबाजी से होने वाले गंभीर परिणामों की जानकारी दी गई। इस तरह की घटनाओं से यात्रियों की जान को खतरा पहुंचने के साथ रेलवे संपत्ति को भी नुकसान हो सकता है।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों से अपील की, कि रेलवे ट्रैक के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि या पत्थरबाजी की घटना की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन पर दें। साथ ही रेलवे संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करने का आह्वान किया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक रेलवे लखनऊ के निर्देश पर चलाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

