home page

मोबाइल चोरी करने वाला बदमाश जीआरपी के हत्थे चढ़ा

 | 
मोबाइल चोरी करने वाला बदमाश जीआरपी के हत्थे चढ़ा


कानपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल चोरी और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर युवक को जीआरपी ने मंगलवार को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 60 हजार रुपये कीमत का चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपित पहले भी चोरी और धोखाधड़ी के मामलों में जेल जा चुका है।

जीआरपी प्रभारी ओमनारायण सिंह ने बताया कि आज जीआरपी टीम स्टेशन के हीरागंज पुल के पास झकरकटी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और पूछताछ की।आरोपित ने अपनी पहचान रसिक तिवारी निवासी ग्राम मीरखपुर, थाना बिंदकी, जिला फतेहपुर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपये है।

पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह रेलवे स्टेशन के आउटर पर ट्रेनों की रफ्तार धीमी होने का इंतजार करता था। मौका मिलते ही यात्रियों के बैग और मोबाइल फोन चोरी कर या छीनकर फरार हो जाता था। जीआरपी को आशंका है कि वह कई अन्य वारदातों में भी शामिल रहा है।जीआरपी ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसके खिलाफ पहले दर्ज मामलों का विवरण क्या है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप