home page

युवक की हत्या के नौ दिन बाद भी आरोपित फरार, बहन ने एसपी से लगाई गुहार

 | 
युवक की हत्या के नौ दिन बाद भी आरोपित फरार, बहन ने एसपी से लगाई गुहार


युवक की हत्या के नौ दिन बाद भी आरोपित फरार, बहन ने एसपी से लगाई गुहार


जौनपुर,09 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बीते एक मई को सरायख्वजा थाना अंतर्गत दूल्हे हत्याकांड में नौ दिन बीत जाने के बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से नाराज मृतक आजाद बिंद की बहन सौम्या बिंद शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंची और जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर न्याय की मांग की।

सौम्या बिंद ने कहा कि पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी में ढिलाई बरत रही है। उन्होंने बताया कि उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि उनके साथ कोई घटना होती है तो मामले को दबाने की कोशिश की जाएगी, क्योंकि परिवार में आवाज उठाने वाला कोई और नहीं है।

सौम्या ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके घर पहुंचकर कानून की धाराएं समझा रही है और उन्हें बच्ची बताकर गंभीरता से नहीं ले रही। उन्होंने कहा कि मामले में नामजद छह आरोपितों में से केवल एक आरोपी ने आत्मसमर्पण किया है, जबकि प्रदीप बिंद, रवि यादव, अविनाश चौहान, अशोक यादव और भोले राजभर अब भी फरार हैं।

उन्होंने कहा कि जब पहले ही उनके भाई को धमकियां मिलने की सूचना पुलिस को दी गई थी, तो अब सबूत मांगने का क्या औचित्य है। सौम्या ने कहा कि पुलिस ने 10 मई तक कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

पीड़िता ने एसपी से सभी नामजद आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इस मामले में पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी किया जा रहा है मुख्य आरोपितों के ऊपर इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये किया गया है। जल्द ही उनको गिरफ्तार किया जाएगा। परिजनों से आज औपचारिक मुलाकात हुई है। परिवार की स्थिति को देखते हुए उनकी मदद करने का प्रयास किया जा रहा है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव