home page

दुल्हन की विदाई के कुछ घंटे बाद दूल्हे ने दी जान, पेड़ से लटका मिला शव

 | 
दुल्हन की विदाई के कुछ घंटे बाद दूल्हे ने दी जान, पेड़ से लटका मिला शव


कानपुर, 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के गुरैयनपुर गांव में शादी की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं। दुल्हन को विदा कराकर घर लौटे युवक का शव शनिवार को गांव के बाहर खेतों में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि नई नवेली दुल्हन गहरे सदमे में है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

गुरैयनपुर निवासी कमलेश निषाद (21) गुजरात के सूरत शहर में नौकरी करता था। शादी के लिए वह कुछ दिन पहले गांव आया था। 14 मई को उसकी बारात हमीरपुर जनपद के हरेठा गांव गई थी, जहां अंजली के साथ विवाह संपन्न हुआ। शुक्रवार शाम वैवाहिक रस्मों के बाद दुल्हन की विदाई कराकर बारात वापस गांव पहुंची थी। परिजनों के मुताबिक घर लौटने के बाद माहौल सामान्य था और सभी लोग शादी की रस्मों में व्यस्त थे।

बताया गया कि रात करीब नौ बजे कमलेश अचानक घर से बाहर चला गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। आज खेतों की तरफ गए ग्रामीणों ने पेड़ से युवक का शव लटका देखा। सूचना फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान कमलेश के रूप में की।

घटना की जानकारी मिलने पर सजेती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन फिलहाल घटना के पीछे की वजह नहीं बता पा रहे हैं। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जिस घर में शाम नई दुल्हन के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहीं शनिवार सुबह चीख-पुकार और मातम का माहौल दिखाई दिया। शादी की खुशियां कुछ ही घंटों में शोक में बदल जाने से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप