home page

नेचुरोपैथी सेंटर में योग एवं आयुर्वेद संगम से स्वस्थ जीवन का दिया संदेश आयोजन

 | 
नेचुरोपैथी सेंटर में योग एवं आयुर्वेद संगम से स्वस्थ जीवन का दिया संदेश आयोजन


मुरादाबाद, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में कांठ रोड पर स्थित बलदेव अग्रवाल नेचुरोपैथी सेंटर में रविवार को योग एवं आयुर्वेद संगम कार्यक्रम का भव्य एवं प्रेरणादायक आयोजन किया गया। प्राकृतिक चिकित्सा, योग एवं आयुर्वेद को समर्पित यह सेंटर निरंतर समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और भारतीय जीवन पद्धति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सेंटर का शांत, प्राकृतिक एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण सभी आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

यह कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रिया अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से आयोजित किया गया। समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण और जनजागरण के क्षेत्र में उनके निरंतर प्रयास प्रेरणादायी हैं।

इस अवसर पर अमलतास सोसाइटी के सम्मानित सदस्यगण एवं लघु उद्योग भारती के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया तथा आयुर्वेद के महत्व को समझा।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को योग एवं आयुर्वेद से जोड़ना, प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना रहा। उपस्थित लोगों ने सेंटर की इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे समाजहित में एक सराहनीय कदम बताया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल