home page

यूपी में 2027 में मुख्यमंत्री योगी को रिटर्न गिफ्ट देंगे ग्राम प्रधान  :अखिलेश सिंह

 | 
यूपी में 2027 में मुख्यमंत्री योगी को रिटर्न गिफ्ट देंगे ग्राम प्रधान  :अखिलेश सिंह


ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाये जाने पर ग्राम प्रधान संगठन ने जताया सरकार का आभार

लखनऊ, 27 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाये जाने पर राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन ने प्रदेश सरकार का आभार जताया है। राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा.अखिलेश सिंह ने बुधवार को लखनऊ के एक निजी होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि सरकार ने ग्राम प्रधानों को जो उपहार दिया है,उसका रिटर्न गिफ्ट प्रधानों द्वारा मुख्यमंत्री योगी को विधान सभा चुनाव 2027 में दिया जायेगा।

अखिलेश सिंह ने बताया कि राज्य के ग्राम प्रधानों से सीधा संवाद कर उन्हें बताया जायेगा कि आगामी चुनाव तक प्रधानों को प्रशासक बनाये जाने का जो इतिहास यूपी सरकार ने रचा है, उससे प्रधानों की साख बढ़ी है। साथ ही गांवों में विकास कार्यों की निरन्तरता का रास्ता भी साफ हुआ है। 15 दिसम्बर 2021 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम उत्कर्ष समारोह में ग्राम प्रधानों से ट्रिपल इंजन की सरकार चलाने का जो वादा किया था उसे पूरा किया है। उन्होंने सेवाओं के विस्तार का जो गिफ्ट दिया है,ग्राम प्रधान इसका रिटर्न गिफ्ट मुख्यमंत्री को वापस करेंगे।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन की ओर से राज्य, मण्डल, जनपद तथा ब्लाक स्तर पर समारोह का आयोजन कर सरकार का आभार जताएगा। इसके अलावा ग्राम पंचायतों की कठिनाइयों के समाधान के लिए संवाद जारी रखेगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन के पदाधिकारी मुख्यमंत्री से लेकर,पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद से मिलकर ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाये जाने की मांग रखी थी। हमारी मांग को पूरा करके सरकार ने यह संदेश दिया है कि वह ग्राम प्रधानों के साथ हैं। इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए संगठन की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन