जौनपुर : औसत से अधिक जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के मामले में ग्राम विकास अधिकारी निलंबित
जौनपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में औसत से अधिक जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए जाने के मामले में ग्राम विकास अधिकारी मनीष श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना और सरकारी सेवक आचरण नियमावली के उल्लंघन के चलते की गई है।इस संबंध में जिला विकास अधिकारी ने बताया कि विकासखंड मड़ियाहूं की ग्राम पंचायत राजमलपुर, लोरिका और बदौवा में औसत से अधिक जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत किए जाने के संबंध में ग्राम विकास अधिकारी मनीष श्रीवास्तव को मुख्य चिकित्सा अधिकारी/अपर जिला रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) के कार्यालय में सत्यापन के लिए उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे।
आरोप है कि ग्राम विकास अधिकारी ने सत्यापन के लिए मांगे गए संपूर्ण प्रपत्र उपलब्ध नहीं कराए। इसके अलावा उच्चाधिकारियों के निर्देश के बावजूद अपेक्षित स्पष्टीकरण भी प्रस्तुत नहीं किया गया। जिला विकास अधिकारी के अनुसार, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना तथा उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1956 के नियम-3 के उल्लंघन के दृष्टिगत मनीष श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

