मेमदीनगर घाट पर सेतु और एप्रोच मार्ग निर्माण के लिए शासन ने 904.41 लाख रुपये की वित्तीय मंजूरी दी
मुरादाबाद, 26 अगस्त (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद के मूंढापांडे क्षेत्र में बहल्ला नदी के मेमदीनगर घाट पर सेतु और एप्रोच मार्ग के निर्माण के लिए शासन ने 904.41 लाख रुपये की वित्तीय मंजूरी दी। इस संबंध में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने बताया कि बहल्ला नदी पर पुल नहीं होने के कारण आसपास के गांवों के लोगों को बरसात के दिनों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों, मरीजों और व्यापारियों को नदी पार करने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। कई बार तेज बहाव के कारण अस्थायी रूप से बनाया हुआ पुल पूरी तरह टूट जाता है।
दशकों से ग्रामीण प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पुल निर्माण की मांग कर रहे थे, लेकिन कभी किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। विधायक बनते ही मेने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संबंधित अधिकारियों के समक्ष इस मांग को बार बार उठाया, जिसके फलस्वरूप शासन ने इसके लिए वित्तीय स्वीकृत प्रदान की है। पिछले सप्ताह शासन की उच्च स्तरीय इएफसी बैठक में प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली। भायपुर मझरा के बीच 39.16 मीटर लंबे पुल का निर्माण होगा। पुल के दोनों ओर 100-100 मीटर लंबाई में एप्रोच बनेगी। जबकि 750 मीटर अतिरिक्त सड़क का निर्माण होगा। यह प्रोजेक्ट लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड एक के जिम्मे है। अब शीघ्र ही पुल एवं एप्रोच मार्ग का निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने बताया कि मूंढापांडे ब्लॉक क्षेत्र में बहने वाली बहल्ला नदी को स्थानीय बोलचाल में भला या बाहल्ला भी कहा जाता है। मेमदीनगर, भीतखेड़ा और कुंदरकी विधानसभा के अन्य गावों के साथ रामपुर बॉर्डर से सटे कई ग्रामीण इलाके नदी क्षेत्र में हैं। क्षेत्र के मेमदीनगर, भीतखेड़ा, काफियाबाद, इस्लाम नगर, शाहपुर आदि गांव के लोगों मुख्य मार्ग से सीधा संपर्क होगा ।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

