home page

राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन की तैयारियां तेज, डीएम-एसएसपी ने पूर्वांचल विश्वविद्यालय का लिया जायजा

 | 
राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन की तैयारियां तेज, डीएम-एसएसपी ने पूर्वांचल विश्वविद्यालय का लिया जायजा


राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन की तैयारियां तेज, डीएम-एसएसपी ने पूर्वांचल विश्वविद्यालय का लिया जायजा


जौनपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन एवं वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने विश्वविद्यालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, वीआईपी आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, प्रवेश-निकास व्यवस्था, मंच, बैठक व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन कराने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा समारोह में आने वाले अतिथियों और आगंतुकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन, पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन के संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। दीक्षांत समारोह को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव