home page

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल रेल मार्ग से पहुंचेंगी जौनपुर, दीक्षांत समारोह को लेकर हाई अलर्ट पर जीआरपी

 | 
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल रेल मार्ग से पहुंचेंगी जौनपुर, दीक्षांत समारोह को लेकर हाई अलर्ट पर जीआरपी


जौनपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल इस बार हेलीकॉप्टर के बजाय रेल मार्ग से जौनपुर पहुंचेंगी। उनके प्रस्तावित दौरे को देखते हुए रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम शुरू कर दिए हैं।

रेलवे पुलिस मुख्यालय एवं पुलिस अधीक्षक रेलवे, प्रयागराज कार्यालय से जारी निर्देशों के अनुसार राज्यपाल की रेल यात्रा को लेकर कानपुर, प्रयागराज और जौनपुर के जीआरपी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों तथा रेल मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के साथ स्थानीय पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है।राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 27 जुलाई को जौनपुर पहुंचकर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। उनके आगमन को लेकर रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगी। स्टेशन परिसर में निगरानी बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि राज्यपाल का दौरा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव