ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाना सरकार का उद्देश्य : रमाकांत उपाध्याय
औरैया, 14 मई (हि. स.) । उत्तर प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में गो-आश्रय स्थलों पर गोबर से बड़े पैमाने पर जैविक खाद तैयार करने की योजना शुरू की गई है। इससे एक ओर गोवंश संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर किसानों को सस्ती दरों पर जैविक खाद उपलब्ध हो सकेगी।
यह बातें रमाकांत उपाध्याय ने जनपद में चल रहे त्रिदिवसीय गौशाला प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन कहीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप प्रदेश में गोबर को आर्थिक संसाधन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके तहत गोबर से तैयार जैविक खाद को 50 किलो के पैकेट में पैक कर बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। इससे ग्रामीण युवाओं, पशुपालकों और स्वयं सहायता समूहों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लोग आगे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रशिक्षक बनकर अन्य लोगों को भी इस कार्य से जोड़ेंगे।
रमाकांत उपाध्याय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य डीएपी और यूरिया पर किसानों की निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना है। इसके लिए प्रदेश में गो-संरक्षण और वृहद गो-संरक्षण केंद्रों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गो-तस्करी बड़ी समस्या थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने अवैध बूचड़खानों पर कार्रवाई कर गो-संरक्षण को मजबूत किया है। मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत अब तक बड़ी संख्या में गोवंश पशुपालकों को सौंपे जा चुके हैं तथा प्रति गोवंश प्रतिदिन 50 रुपये डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में भेजे जा रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सभी को अपने क्षेत्रों में इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक करना होगा। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर उनकी व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा गौशाला में तैयार उत्पादों और मूर्तियों का अवलोकन कर सराहना की। प्रशिक्षण के दूसरे दिन उत्कर्ष शुक्ला ने गौ उत्पादों के दैनिक उपयोग तथा आरती ने गोबर से मूर्ति निर्माण विषय पर जानकारी दी। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशन सिंह विकल, डिप्टी सीबीओ डॉ. प्रहलाद सिंह निरंजन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

