home page

टॉप रैंकर्स की पहली पसंद बना कानपुर राजकीय पॉलिटेक्निक

 | 
टॉप रैंकर्स की पहली पसंद बना कानपुर राजकीय पॉलिटेक्निक


-जेईईसीयूपी 2026 में प्रदेश के मेधावियों ने चुना कानपुर पॉलिटेक्निक-लैटरल एंट्री और कोर ब्रांचेज में दाखिला पाने के लिए छात्रों में दिखा जबर्दस्त उत्साह-प्रिंसिपल अरुण कुमार ने कहा- 'बेहतर पढ़ाई और शानदार प्लेसमेंट से बढ़ा भरोसा'

कानपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा टेक्निकल एजुकेशन के क्षेत्र में युवाओं को रोजगार से जोड़ने की नीति का असर धरातल पर साफ दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईईसीयूपी) 2026 में पूरे प्रदेश में टॉप रैंक्स हासिल करने वाले मेधावी छात्रों की पहली पसंद राजकीय पॉलिटेक्निक कानपुर ही बना हुआ है। परीक्षा की काउंसलिंग के बाद जारी हुई टॉपर्स की सूची इस बात की गवाह है कि प्रदेशभर के नामी तकनीकी संस्थानों में कानपुर पॉलिटेक्निक ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित की है।

स्टेट रैंक 04 से लेकर 10 तक के मेधावियों का कब्जा

कानपुर पॉलिटेक्निक में एडमिशन पाने की होड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जेईईसीयूपी में पूरे प्रदेश में 4वीं रैंक हासिल करने वाले दो-दो मेधावियों ने यहां दाखिला लिया है। इनमें अर्पित श्रीवास्तव ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग (ऑटोमोबाइल) लैटरल एंट्री और योगेंद्र सिंह ने टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी लैटरल एंट्री में दाखिला लिया है। इसके साथ ही राज्य स्तर पर इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में 9वीं रैंक पाने वाले अनुराग पटेल, टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी में 10वीं रैंक हासिल करने वाले अमन द्विवेदी और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आईटी) लैटरल एंट्री में 11वीं रैंक लाने वाले विष्णु मौर्या ने भी कानपुर पॉलिटेक्निक पर ही भरोसा जताया है।

तकनीकी और नए जमाने के कोर्सेज बने पहली पसंद

संस्थान के 104 प्रमुख दाखिलों के आंकड़ों से स्पष्ट होता है कि प्रवेश परीक्षा में रैंक चार से लेकर रैंक 218 तक हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं ने यहां प्रवेश लिया है। सीधे सेकेंड ईयर में दाखिले यानी लैटरल एंट्री के लिए छात्रों में सबसे ज्यादा मुकाबला देखा गया। मैकेनिकल (ऑटोमोबाइल व प्रोडक्शन), सिविल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की सीटों पर प्रदेश के टॉप 20 रैंकर्स ने कब्जा किया है। इसके अलावा पीजी डिप्लोमा इन डेटा साइंस एंड मशीन लर्निंग में 20वीं रैंक लाने वाले अभिषेक पाल और पीजी डिप्लोमा इन अकाउंटेंसी (विथ टैक्सेशन) में 29वीं रैंक वाले विवेक यादव जैसे मेधावियों ने भी यहां दाखिला लिया है।

छात्राओं और रेगुलर कोर्सेज में भी दिखा उत्साह

छात्राओं के दाखिले के आंकड़े भी बेहद उत्साहजनक हैं, जहां टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी में 18वीं रैंक हासिल करने वाली प्रियंशी पटेल, 26वीं रैंक की श्रद्धा साहू, पीजी डिप्लोमा इन अकाउंटेंसी में 45वीं रैंक की सृष्टि साहू और पीजीडीसीए में 68वीं रैंक की अनुष्का तिवारी जैसी होनहारों ने कानपुर को ही अपना पढ़ाई केंद्र चुना है। वहीं 3-इयर रेगुलर डिप्लोमा कोर्सेज की बात करें तो सिविल इंजीनियरिंग में 17वीं रैंक वाले प्रतीक सिंह, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 13वीं रैंक वाले सत्यम सोनी और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में 14वीं रैंक वाले चंद्र गुप्त शाक्य ने प्रवेश लिया है।

राजकीय पॉलिटेक्निक कानपुर के प्रिंसिपल अरुण कुमार ने बुधवार को बताया कि हमारी पहली प्राथमिकता सभी छात्रों को क्वालिटी एजुकेशन, प्रैक्टिकल नॉलेज और बेहतर प्लेसमेंट दिलाना है। राज्य सरकार जिस तरह से टेक्निकल इंस्टीट्यूट्स को आधुनिक संसाधनों से लैस कर रही है, उसी का परिणाम है कि आज प्रवेश परीक्षा के टॉप रैंक होल्डर्स राजकीय पॉलिटेक्निक कानपुर को अपनी पहली पसंद मान रहे हैं। हमारे यहाँ से पास आउट होने वाले छात्र आज देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में अच्छे पैकेज पर काम कर रहे हैं और इस नए सत्र में भी सभी सीटें टॉप रैंकर्स से भर चुकी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप