home page

गोरखपुर में एमएलसी प्रत्याशी बदलने से समर्थकों में उबाल, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष से मारपीट

 | 
गोरखपुर में एमएलसी प्रत्याशी बदलने से समर्थकों में उबाल, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष से मारपीट


गोरखपुर में एमएलसी प्रत्याशी बदलने से समर्थकों में उबाल, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष से मारपीट


गोरखपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद में जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) की शनिवार काे आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान कुर्सी में बैठने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। इस दौरान पार्टी के ही एक नेता ने पूर्व जिलाध्यक्ष राम नगीना साहनी के साथ मारपीट कर दी। पार्टी नेताओं के बीच मारपीट को एमएलसी प्रत्याशी बदलने के मामले से जोड़कर देखा जा रहा है।

दरअसल लोकतंत्र बचाओ सप्ताह एवं ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर सपा जिलाध्यक्ष ब्रिजेश कुमार गौतम की ओर से प्रेस क्लब में एक प्रेसवार्ता बुलाई गई थी। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष सबीर कुरैशी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रहलाद यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश यादव, पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव, काजल निषाद, संजय पहलवान, पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री डॉ. मोहसिन, जय प्रकाश यादव, रणजीत पासवान समेत पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

बताया गया कि प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के अंशुमान सिंह के पुत्र कमलेश वहां पहुंचे और काजल निषाद के पास बैठने का प्रयास किया। जगह काे लेकर पूर्व जिलाध्यक्ष राम नगीना साहनी से बातचीत शुरू हुई। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और कुछ ही देर में विवाद हाथापाई में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान कमलेश ने सपा के पुराने नेता राम नगीना साहनी को थप्पड़ मार दिए। इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कार्यक्रम भी प्रभावित हो गया।

इस पिटाई का वहां मौजूद पत्रकारों के कैमरों में पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। प्रेस क्लब में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जा सकती है। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर राजनीतिक एवं मीडिया में चर्चा तेज हो गई है।

सपा जिलाध्यक्ष ब्रिजेश कुमार गौतम ने इस घटनाक्रम को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी जाएगी और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। हालांकि किसी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर दिए जाने की जानकारी नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय