गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब की कार्यकारिणी बैठक में लिए गए कई अहम निर्णय
गोरखपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाेरखपुर के गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार काे प्रेस क्लब परिसर में अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों के हित, संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 26 अप्रैल को दिन में 1 बजे गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के तृतीय तल पर प्रेस क्लब की आम सभा (जनरल बॉडी) की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में नए सदस्यों को लेकर व्यापक चर्चा की जाएगी। कार्यकारिणी ने स्पष्ट किया कि नए सदस्यों के चयन में आम सभा के सुझाव और निर्णय को सर्वोपरि माना जाएगा, ताकि पारदर्शिता और सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। दूसरा महत्वपूर्ण निर्णय पत्रकारों और प्रेस क्लब के हितों को लेकर लिया गया। कार्यकारिणी ने यह तय किया कि पत्रकारों के लिए और बेहतर कार्य करने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आम सभा से सुझाव लिए जाएंगे। इस दौरान पत्रकार साथियों से यह अपेक्षा की गई कि वे अपने अनुभव और सुझाव साझा करें, जिससे संगठन को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाया जा सके।
तीसरे महत्वपूर्ण निर्णय के तहत यह तय किया गया कि 30 मई को हिंदी पत्रकारिता दिवस को विशेष रूप से मनाया जाएगा। इस वर्ष हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इसे भव्य और गरिमामय तरीके से आयोजित करने की तैयारी की जाएगी। कार्यक्रम की रूपरेखा भी आम सभा के सुझावों के आधार पर तय की जाएगी, ताकि सभी पत्रकारों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
बैठक में अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी ने कहा कि प्रेस क्लब केवल एक संस्था नहीं, बल्कि पत्रकारों का साझा परिवार है, जहां हर सदस्य की भागीदारी और सुझाव महत्वपूर्ण है। संगठन की मजबूती और पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सामूहिक निर्णय और एकजुटता आवश्यक है। कार्यकारिणी ने सभी पत्रकार साथियों से अपील की कि वे 26 अप्रैल को आयोजित होने वाली आम सभा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने सुझाव दें, ताकि संगठन को नई दिशा और मजबूती मिल सके। बैठक का समापन सकारात्मक माहौल और पत्रकार हितों को सर्वोपरि रखने के संकल्प के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

