home page

गवर्नर अवार्ड कैंप में गोरखपुर के अजय बजरंगी और लाजो रानी बने सहयोगी परीक्षक

 | 
गवर्नर अवार्ड कैंप में गोरखपुर के अजय बजरंगी और लाजो रानी बने सहयोगी परीक्षक


गवर्नर अवार्ड कैंप में गोरखपुर के अजय बजरंगी और लाजो रानी बने सहयोगी परीक्षक


गोरखपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। भारत स्काउट और गाइड, उत्तर प्रदेश प्रादेशिक मुख्यालय लखनऊ की ओर से आयोजित चार दिवसीय राज्य स्तरीय गवर्नर अवार्ड टेस्टिंग कैंप में गोरखपुर के दो अनुभवी प्रशिक्षकों को सहयोगी परीक्षक (असिस्टेंट एक्जामिनर) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। अजय गुप्ता ‘बजरंगी’ और लाजो रानी की इस नियुक्ति से गोरखपुर जनपद के स्काउट-गाइड परिवार में हर्ष का माहौल है।

राज्यपाल पुरस्कार जांच शिविर के लिए प्रदेश के स्टेट ऑर्गनाइजिंग कमिश्नर स्काउट नौशाद अली सिद्दीकी एवं स्टेट ऑर्गनाइजिंग कमिश्नर गाइड रविंदर सोखी के हस्ताक्षर से जारी पत्र के माध्यम से दोनों प्रशिक्षकों को सहयोगी परीक्षक के रूप में नामित किया गया है। उन्हें राज्य स्तरीय शिविर में प्रतिभागियों के कौशल, दक्षता और निर्धारित मानकों के अनुरूप उनकी तैयारियों का परीक्षण करने की जिम्मेदारी दी गई है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 07 से 10 अक्टूबर 2026 तक ए.एस.एम. कॉन्वेंट स्कूल, सुखपुरा, बलिया में आयोजित गवर्नर अवार्ड टेस्टिंग कैंप में अजय गुप्ता ‘बजरंगी’ सहयोगी परीक्षक की भूमिका निभाएंगे। वहीं 09 से 12 अक्टूबर 2026 तक हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज, संत कबीर नगर में आयोजित राज्य स्तरीय शिविर में लाजो रानी सहयोगी परीक्षक के रूप में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगी।

गवर्नर अवार्ड स्काउट-गाइड के क्षेत्र में विद्यार्थियों की दक्षता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और व्यावहारिक कौशल का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है। ऐसे राज्य स्तरीय शिविर में सहयोगी परीक्षक के रूप में गोरखपुर के प्रशिक्षकों का चयन जनपद के लिए भी गौरव का विषय है।

दोनों प्रशिक्षकों की नियुक्ति पर संस्था के संयुक्त प्रादेशिक प्रशिक्षण आयुक्त राकेश सैनी, प्रादेशिक संगठन आयुक्त स्काउट नौशाद अली सिद्दीकी, प्रादेशिक संगठन आयुक्त गाइड रविंदर सोखी, जिला मुख्यायुक्त रामजन्म सिंह, पूर्व मुख्यायुक्त डॉ. अरुण कुमार सिंह, स्काउट कमिश्नर डॉ. दिनेश मणि त्रिपाठी, सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त गोरखपुर मंडल मोहित कुमार, गाइड कमिश्नर विनीता, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट अजय सिंह, प्रशिक्षण आयुक्त गाइड प्रतिमा शुक्ला, रोवर कमिश्नर वाचस्पति शुक्ला, एडल्ट रिसोर्स कमिश्नर ज्ञानेंद्र ओझा तथा जिला संगठन आयुक्त स्काउट शशांक पांडे सहित अन्य पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया।

पदाधिकारियों ने अजय गुप्ता ‘बजरंगी’ और लाजो रानी को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों प्रशिक्षक अपनी कार्यकुशलता, अनुभव और प्रभावी कार्यपद्धति के माध्यम से राज्य स्तरीय शिविर में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे तथा गोरखपुर जनपद का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय