home page

श्रीकृष्ण जन्मस्थान में गोपाष्टमी पर ठाकुर श्रीकेशवदेवजी देंगे गोप स्वरूप में दर्शन

 | 

मथुरा, 16 नवम्बर(हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर गोपाष्टमी का पावन पर्व परंपरागत श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मंगलवार को मनाया जाएगा। इस विशेष अवसर पर ठाकुर श्रीकेशवदेवजी का मनोहारी गोप स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया जाएगा. जन्मभूमि पर प्रातः 6ः30 बजे से शयन तक अनवरत विशेष दर्शन प्राप्त होंगे।

मंदिर परिसर में गौचारण लीला की मनोहारी सज्जा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की द्वापरकालीन गौचारण लीला को साकार करने का विशेष प्रयास किया गया है।

सोमवार शाम श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने जानकारी दी कि गोपाष्टमी भगवान श्रीकृष्ण की गौसेवा एवं गौचारण लीला का स्मरण कराने वाला ब्रज का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। इसी पावन दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गौचारण के लिए प्रस्थान किया था, क्योंकि ब्रज की संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक चेतना में गौमाता का विशिष्ट स्थान है। संस्थान द्वारा संचालित गौशाला में वैदिक विधि-विधान के साथ गौपूजन संपन्न होगा। गौमाताओं का पारंपरिक श्रृंगार कर उन्हें भोग अर्पित किया जाएगा। गौसेवा में समर्पित गौसेवकों का विशेष रूप से सम्मान किया जाएगा।

शर्मा ने इस बात पर जोर दिया कि गौसंरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक जिम्मेदारी भी है. उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति को गौवंश की रक्षा, पालन एवं सेवा में यथासंभव अपना योगदान देना चाहिए, तभी गोपाष्टमी का वास्तविक संदेश सार्थक होगा जब गौसेवा हमारे दैनिक जीवन का अंग बनेगी। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान की ओर से सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे गोपाष्टमी के इस पवित्र अवसर पर जन्मस्थान पधारकर ठाकुरजी के अलौकिक दर्शन करें तथा गौसेवा और गौसंरक्षण का संकल्प लेकर इस पावन पर्व के सहभागी बनें।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार