home page

कम लागत और कम जगह में मशरूम उत्पादन से अच्छी कमाई संभव : डॉ. मुकेश श्रीवास्तव

 | 
कम लागत और कम जगह में मशरूम उत्पादन से अच्छी कमाई संभव : डॉ. मुकेश श्रीवास्तव


कानपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। मशरूम उत्पादन कम लागत और कम जगह में शुरू कर अच्छी आय का जरिया बन सकता है। इसके माध्यम से युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यह बातें सोमवार को प्रशिक्षण आयोजक डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने कही।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मशरूम उत्पादन केंद्र में छह दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। इसमें 92 प्रशिक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान मशरूम की विभिन्न किस्मों, कम्पोस्ट तैयार करने, बीज बोने, रखरखाव, कटाई और विपणन की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि मशरूम उत्पादन के लिए बड़े खेत या अधिक संसाधनों की आवश्यकता नहीं होती। सीमित स्थान में भी इसे शुरू किया जा सकता है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह अतिरिक्त आय का साधन बन सकता है। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को उत्पादन की तकनीक के साथ बाजार में उत्पाद बेचने और व्यवसाय को आगे बढ़ाने की जानकारी भी दी जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कौशल विकास के जरिए रोजगार के अवसर बढ़ाना, गरीबी उन्मूलन और आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप