home page

विश्व आदिवासी दिवस पर लखनऊ में गोंड आदिवासी महासभा की महाधरने की बनी रणनीति

 | 
विश्व आदिवासी दिवस पर लखनऊ में गोंड आदिवासी महासभा की महाधरने की बनी रणनीति


देवरिया, 02 अगस्त (हि.स.)। भारतवर्षीय गोंड आदिवासी महासभा, देवरिया के तत्वावधान में रविवार को सिंचाई डाक बंगला परिसर में गोंड आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा के साथ 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर लखनऊ में प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय धरना-प्रदर्शन एवं महासम्मेलन को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मुंशी प्रसाद गोंड ने की। उन्होंने बताया कि देवरिया से करीब 5,000 लोग लखनऊ कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रतिभागी ट्रेन, निजी वाहनों तथा बसों से रवाना होंगे। महिलाओं और साधनविहीन लोगों के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि देवरिया से गोंड आदिवासी पारंपरिक नृत्य दल भी कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देगा।

बैठक के उपरांत जिलाध्यक्ष मुंशी प्रसाद गोंड के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही से उनके आवास पर मुलाकात कर गोंड समाज की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। मंत्री ने समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के अंत में संगठन के संस्थापक सदस्यों में शामिल स्वर्गीय सुखारी प्रसाद गोंड तथा संगठन के कार्यकर्ता स्वर्गीय राम बड़ाई गोंड के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

बैठक को प्रदेश महासचिव एवं भाजपा एसटी मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामधनी गोंड, प्रेम नारायण गोंड सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मदन गोंड, अंबिका गोंड, रामाश्रय गोंड, जयप्रकाश गोंड, उमेश चंद्र गोंड, वकील गोंड, राजाराम गोंड, विशाल गोंड, सोहन गोंड, यदुनंदन गोंड, नंदलाल गोंड, रामअवतार गोंड, सतीश चंद्र गोंड सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक