home page

लखनऊ को जल्द मिलेगी गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क की सौगात

 | 
लखनऊ को जल्द मिलेगी गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क की सौगात


लखनऊ, 08 सितंबर (हि.स.)। लखनऊ को जल्द ही गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क की सौगात मिलेगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को पार्क का निरीक्षण करके 15 अक्टूबर तक सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये हैं, जिसके बाद यह पार्क नागरिकों के लिए खोल दिया जाएगा। यह पार्क शहर को हरियाली देने के साथ ही युवाओं को जैव-विविधता से रूबरू कराएगा।

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्र्रथमेश कुमार ने बताया कि गोमती नगर में दयाल पैराडाइज चौराहे के पास सहारा ग्रुप से वापस ली गयी ग्रीन बेल्ट की 25 एकड़ जमीन पर शहर का यह पहला बायो-डायवर्सिटी पार्क विकसित किया जा रहा है। लगभग 14 करोड़ रूपये की लागत से विकसित किये जा रहे इस पार्क में बटर प्लाई गार्डेन, इंसेक्ट पोलराइजेशन गार्डेन, नेचर ट्रेल, पाथ-वे, किड्स प्ले-एरिया, वॉटर बॉडी, वॉच टॉवर, बाउंड्रीवॉल, पार्किंग, इंट्री गेट, ऑफिस आदि निर्मित किया जा रहा है। इसके अलावा लोगों की सुविधा के लिए जगह-जगह गजीबो एवं बेंच स्थापित किये जाएंगे।

पक्षियों को आकर्षित करेगा पार्क

गोमती बायो-डाइवर्सिटी पार्क को देसी एवं प्रवासी पक्षियों के प्राकृतिक निवास के लिहाज से तैयार किया जा रहा है। गोमती नदी के बेसिन में पाये जाने वाले पौधों की विभिन्न प्रजातियां, जो वर्तमान में विलुप्त होने की कगार पर हैं। उन्हें एकत्रित करके पार्क में संरक्षित किया जा रहा है। यह पार्क ईको-टूरिज्म के साथ ही शैक्षिक दृष्टिकोण से भी अहम साबित होगा। उपाध्यक्ष ने बताया कि 15 अक्टूबर तक सभी कार्य पूर्ण कराकर पार्क खोलने के निर्देश दिये गये हैं।

आईजीपी को मिलेगा आधुनिक मीटिंग हॉल

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के अपग्रेडेशन कार्य के अंतर्गत अर्थ ब्लॉक में 150 लोगों की क्षमता का अत्याधुनिक मीटिंग हॉल विकसित किया जा रहा है। एलडीए उपाध्यक्ष ने स्थल निरीक्षण करके 30 सितम्बर तक मीटिंग हॉल तैयार करने के निर्देश दिये हैं। इसी तरह सैटर्न ब्लॉक में रेनोवेट किये जा रहे 600 लोगों की क्षमता के मैरिज हॉल को 25 अक्टूबर तक संचालित करने की टाइमलाइन निर्धारित की गयी है। इस क्रम में उपाध्यक्ष ने बजट होटल का निरीक्षण करके कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं।

हिलटन होटल का निरीक्षण

विभूति खण्ड में होटल हिलटन गार्डेन में नया ब्लॉक निर्मित किया गया है। होटल प्रबंधन द्वारा पूर्णतः प्रमाण पत्र के लिए प्राधिकरण में आवेदन किया गया था। जिसके क्रम में उपाध्यक्ष ने मंगलवार को होटल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से पार्किंग, फायर एक्जिट, सेट बैक, एसटीपी आदि की जांच की। उपाध्यक्ष ने होटल प्रबंधन से एसटीपी के संचालन एवं अग्निशमन सम्बंधी एनओसी प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं। निरीक्षण में मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार एवं मनोज सागर समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन