उत्तर रेलवे महाप्रबंधक ने काकोरी–शाहजहांपुर रेलखंड का किया निरीक्षण
मुरादाबाद, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे का सोमवार को मुरादाबाद मंडल में आगमन हुआ। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। महाप्रबंधक ने काकोरी से शाहजहांपुर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। जिसके अंतर्गत रेल संरचना, ट्रैक की स्थिति तथा संरक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं का परीक्षण किया।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि
महाप्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान काकोरी स्टेशन के समीप स्थित समपार फाटक संख्या 227-बी का विशेष निरीक्षण किया गया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात गेटमैन से संवाद स्थापित कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली गई तथा रेल लाइन का मापन (मेजरमेंट) चेक कराया गया। महाप्रबंधक ने संरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष बल दिया।
काकोरी स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान स्टेशन मास्टर कार्यालय, टिकट बुकिंग काउंटर एवं प्लेटफॉर्म का निरीक्षण किया गया। साथ ही काकोरी ट्रेन एक्शन की ऐतिहासिक घटना को समर्पित स्टेशन परिसर में बने संग्रहालय का अवलोकन कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बालामऊ एवं हरदोई स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए महाप्रबंधक ने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त लोको लॉबी का निरीक्षण कर कर्मचारियों से संवाद स्थापित किया गया तथा संरक्षा एवं कार्यप्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
शाहजहांपुर स्टेशन पर स्काउट्स एवं गाइड्स, मुरादाबाद मंडल की टीम ने महाप्रबंधक का स्वागत किया। यहां अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए जा रहे पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए विशेष रूप से सेकंड एंट्री गेट के विकास कार्यों की गहन समीक्षा की।
इस अवसर पर शाहजहांपुर स्टेशन पर एनआरएमयू एवं यूआरएमयू यूनियन के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों के संबंध में महाप्रबंधक से शिष्टाचार भेंट कर ज्ञापन भी प्रस्तुत किया। महाप्रबंधक ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

