home page

वैश्विक सहयोग से नेत्र देखभाल को नई दिशा मिलेगी : डॉ. शरद बाजपेई

 | 
वैश्विक सहयोग से नेत्र देखभाल को नई दिशा मिलेगी : डॉ. शरद बाजपेई


कानपुर, 25 मार्च (हि.स.)। आधुनिक नेत्र विज्ञान और ऑप्टोमेट्री की भूमिका लगातार बढ़ रही है, जिसमें वैश्विक सहयोग अत्यंत आवश्यक है। रोगी-केंद्रित सेवाएं, नई तकनीकों का उपयोग और व्यावसायिक नैतिकता इस क्षेत्र को नई दिशा दे सकते हैं। नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाकर हम समाज को बेहतर दृष्टि और जीवन गुणवत्ता प्रदान कर सकते हैं। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे इस क्षेत्र में नवाचार और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ें। यह बातें बुधवार को कनिका हॉस्पिटल प्रा. लि. के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शरद बाजपेई ने कहीं।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज़ द्वारा बुधवार को विश्व ऑप्टोमेट्री सप्ताह 2026 के अवसर पर एक ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

इस वर्ष का वैश्विक विषय “ए सेयर्ड वीजन: कोलैबोरेशन इन ग्लोबल आई केयर” रहा, जिसका उद्देश्य नेत्र देखभाल के क्षेत्र में वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए नेत्र स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने पोस्टर प्रस्तुतीकरण, क्विज, रंगोली, रील और मॉडल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम ने नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप