home page

गोरखपुर: प्रो. शिव शरण दास की काव्य-कृति ‘लौटेंगे हम एक दिन’ का सोमवार को होगा विमोचन

 | 
गोरखपुर: प्रो. शिव शरण दास की काव्य-कृति ‘लौटेंगे हम एक दिन’ का सोमवार को होगा विमोचन


गोरखपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में युवा चेतना समिति के तत्वावधान में शिक्षाविद्, साहित्यकार एवं वरिष्ठ रचनाकार तथा समिति के मुख्य संरक्षक प्रो. (डॉ.) शिव शरण दास की नवीन काव्य-कृति ‘लौटेंगे हम एक दिन’ का विमोचन सोमवार को होगा। कार्यक्रम शाम 4:30 बजे से गोकुल अतिथि भवन, सिविल लाइन्स में आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर साहित्यप्रेमियों और रचनाकारों में विशेष उत्साह है।

समारोह की मुख्य अतिथि दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) पूनम टंडन होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान पीजी कॉलेज, सेवरही, कुशीनगर के पूर्व प्राचार्य डॉ. वेद प्रकाश पाण्डेय करेंगे।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में रणविजय सिंह, प्रो. (डॉ.) चितरंजन मिश्र, प्रो. (डॉ.) हर्ष कुमार सिन्हा, पुष्पदंत जैन, ज्योति मस्करा तथा प्रो. (डॉ.) आमोद कुमार राय की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

युवा चेतना समिति के संरक्षक डॉ. विमल कुमार मोदी, अध्यक्ष मान्धाता सिंह एवं वरिष्ठ पदाधिकारी विनोद प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि यह आयोजन केवल एक काव्य-कृति के विमोचन का अवसर नहीं, बल्कि साहित्य, संवेदना और सृजनशील चेतना के सम्मान का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने बताया कि प्रो. शिव शरण दास की नवीन कृति में जीवन के विविध अनुभवों, मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक सरोकारों और बदलते समय की चुनौतियों को काव्यात्मक संवेदना के साथ अभिव्यक्त किया गया है। कृति के माध्यम से कवि ने मनुष्य और समाज के बीच के संबंधों तथा जीवन के विविध रंगों को शब्दों में पिरोने का प्रयास किया है।

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि विमोचन समारोह में साहित्य, शिक्षा, पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। इस दौरान कृति और उसके रचनात्मक पक्ष पर साहित्यकारों एवं विद्वानों द्वारा विचार-विमर्श भी किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय