home page

चारा लेकर लौट रही छात्रा को ट्रैक्टर ने कुचला,मौत

 | 
चारा लेकर लौट रही छात्रा को ट्रैक्टर ने कुचला,मौत


फर्रुखाबाद,18 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में शमशाबाद थाना क्षेत्र के रोशनाबाद-पसियापुर मार्ग पर गुरुवार को सड़क हादसे में सातवीं कक्षा की एक छात्रा की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से छात्रा सड़क पर गिर गई और ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया।

मृतक छात्र की पहचान शमशाबाद नगर पंचायत के मोहल्ला मुबारकपुर निवासी मलखान सिंह की 14 वर्षीय पुत्री निमती के रूप में हुई है। वह अपनी सहेलियों दिव्या और नीलू के साथ खेत से पशुओं के लिए चारा लेने गई थी।

हादसे के बाद निमती की सहेलियों ने परिजनों को घटना की सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। बेटी का शव देख मां नन्हीं देवी समेत अन्य परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका चार बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटी थी। उसके पिता मलखान सिंह खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से काटी गई लकड़ी लदी हुई थी। टक्कर के बाद लकड़ियां सड़क पर बिखर गईं, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।सूचना मिलने पर शमशाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

थाना प्रभारी सचिन चौधरी ने बताया कि मृतका के पिता मलखान सिंह की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाश करते हुए मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar